कलेक्टर की अध्यक्षता में प्रेसवार्ता आयोजित : पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ, योजनाओं का लाभ पात्र संचार प्रतिनिधियों तक पहुंचाना प्राथमिकता : कलेक्टर
Rajendra Tantway Wed, Aug 19, 2026
डिंडौरी, 19 अगस्त 2026। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में बुधवार को सर्किट हाउस डिंडौरी में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में जिले के लगभग 60 से 70 पत्रकारों ने सहभागिता की।
प्रेसवार्ता के दौरान जनसंपर्क अधिकारी श्री पुष्पराज सिंह ने पत्रकारों के कल्याण एवं सुविधाओं से संबंधित विभिन्न योजनाओं और नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अधिमान्यता नियम, आर्थिक सहायता के लिए विभिन्न आवेदन तथा शिक्षा ऋण ब्याज अनुदान योजना के संबंध में पत्रकारों को जानकारी प्रदान की।

वरिष्ठ पत्रकारों के लिए सम्मान-निधि योजना की जानकारी
इस दौरान वरिष्ठ एवं बुजुर्ग पत्रकारों के लिए संचालित ‘सम्मान-निधि योजना’ के स्वीकृति आदेश के संबंध में भी जानकारी दी गई। साथ ही संचार प्रतिनिधियों के लिए संचालित स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना के नियमों तथा आवेदन एवं बीमा प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया।
प्रेसवार्ता में पत्रकारों ने पत्रकार कल्याण योजनाओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
मीडिया और प्रशासन के बेहतर समन्वय पर जोर
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने पत्रकारों से संवाद करते हुए कहा कि शासन की पत्रकार हितैषी योजनाओं का लाभ पात्र संचार प्रतिनिधियों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिले के विकास, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को जनता के समक्ष निष्पक्ष एवं तथ्यपरक रूप से रखने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से शासन की योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने पत्रकारों से ग्रामीण क्षेत्रों एवं दूरस्थ अंचलों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को भी प्रमुखता से सामने लाने का आग्रह किया, ताकि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों और जिला प्रशासन के बीच विभिन्न विषयों पर सकारात्मक संवाद भी हुआ।
विज्ञापन