मुख्यमंत्री जन विश्वास : मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में शिक्षा, स्वास्थ्य और पशुपालन सेवाओं की जमीनी पड़ताल
Rajendra Tantway Sat, Aug 22, 2026
डिंडौरी, 22 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिले में शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं की जमीनी स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है। अभियान के अंतर्गत विकासखंड मेहंदवानी में विभिन्न विभागों द्वारा शिविर एवं निरीक्षण गतिविधियां आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई की गई।
मेहंदवानी में पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉल में 39 पशुपालकों को आवश्यक औषधियों का वितरण किया गया। वहीं मुर्गी पालन के लिए 8, बकरी पालन के लिए 2, किसान क्रेडिट कार्ड के लिए 4 तथा सूकर पालन के लिए 1 हितग्राही का आवेदन प्राप्त किया गया। जनप्रतिनिधियों द्वारा 10 हितग्राहियों को चारा बीज भी वितरित किया गया।
पशु चिकित्सालय मेहंदवानी के निरीक्षण के दौरान सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। संस्था प्रभारी को कृत्रिम गर्भाधान, आधार अपडेशन, सेक्स सॉर्टेड सीमेन, लंबित पीडी एवं वत्सोत्पादन की ऑनलाइन एंट्री तथा केसीसी लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्कूलों और छात्रावासों में व्यवस्थाओं की जांच
मुख्यमंत्री के जिला भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर मेहंदवानी क्षेत्र की विभिन्न शालाओं एवं छात्रावासों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समय पर साइकिल, पुस्तकें एवं मध्यान्ह भोजन उपलब्ध होने, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और अध्यापन कार्य की स्थिति का जायजा लिया।
जिला परियोजना समन्वयक श्री अमित गौलिया ने राई स्थित वीरांगना रानी दुर्गावती सीनियर कन्या छात्रावास, वीरांगना रानी दुर्गावती कन्या आश्रम, शंकर शाह रघुनाथ शाह सीनियर बालक छात्रावास तथा नेताजी सुभाषचन्द्र बोस बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। अत्यधिक वर्षा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, टंकियों की साफ-सफाई, निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन तथा विद्यार्थियों की शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा पी.एम.श्री शासकीय महात्मा गांधी बालिका विद्यालय डिंडौरी (टाइप-4) एवं सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धनुआसागर का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में श्री अभिजीत पाण्डे, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुमन परस्ते, सहायक संचालक श्री प्रवीण कुमार तिवारी एवं सहायक परियोजना समन्वयक श्री अक्षित कुमार पाण्डे शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान विद्यालय एवं छात्रावास की व्यवस्थाएं शासन की मंशानुसार संतोषजनक पाई गईं।
306 कुपोषित बच्चों के घर पहुंची टीम
मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग ने मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम के तहत कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण में सुधार के लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाया। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री श्याम सिंगारे के निर्देशन में अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने 306 कुपोषित बच्चों के घर पहुंचकर अभिभावकों को पोषण आहार, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य देखभाल संबंधी जानकारी दी।
अभियान के दौरान 49 अति गंभीर कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी लेकर आवश्यक दवाइयों एवं पोषण आहार के संबंध में परिजनों को समझाइश दी गई। निर्धारित मापदंड वाले बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने की कार्रवाई भी की गई। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों को गृहभेंट के माध्यम से टेक होम राशन वितरित किया गया।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और पशुपालन सहित विभिन्न विभागों की सेवाओं को गांव-गांव और पात्र हितग्राहियों के घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के दौरान अधिकारियों द्वारा योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा के साथ कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
विज्ञापन