यूरिया, डीएपी या एनपीके लेने की बाध्यता खत्म, 25-25 प्रतिशत अतिरिक्त ख : किसानों को खाद खरीदी में बड़ी राहत: पसंद के उर्वरक लेने की सुविधा, खरीद सीमा में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी
Rajendra Tantway Fri, Aug 21, 2026
डिंडौरी - 21 अगस्त 2026
जिले के किसानों के लिए उर्वरक खरीदी को लेकर बड़ी राहत की व्यवस्था की गई है। कृषि विभाग ने खाद वितरण प्रणाली में बदलाव करते हुए किसानों को अपनी आवश्यकता और पसंद के अनुसार उर्वरक खरीदने की सुविधा दी है। अब किसानों पर यूरिया, डीएपी या एनपीके में से किसी विशेष उर्वरक को लेने का दबाव नहीं रहेगा। इसके साथ ही उर्वरक खरीद की निर्धारित सीमा में कुल 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है।
नई व्यवस्था के अनुसार किसान निर्धारित सीमा में खाद लेने के बाद आवश्यकता होने पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। इसके बाद भी आवश्यकता होने पर सात दिवस की अवधि के पश्चात पुनः 25 प्रतिशत अतिरिक्त खाद लेने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस तरह किसान अपनी वास्तविक जरूरत के मुताबिक चरणबद्ध तरीके से खाद खरीद सकेंगे।
केवाईसी आधारित बुकिंग से होगी खाद वितरण की व्यवस्था
उर्वरक वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए केवाईसी आधारित खाद बुकिंग एवं वितरण प्रणाली शुरू करने की तैयारी की जा रही है। विभाग के अनुसार यह व्यवस्था 21-22 अगस्त से प्रारंभ किए जाने की तैयारी है और फिलहाल इसकी टेस्टिंग चल रही है। वहीं उर्वरक केंद्रों पर टोकन की संख्या बढ़ाकर 300 से अधिक की गई है, जिससे किसानों को खाद लेने में सुविधा मिल सके।
कृषि विभाग ने यह भी व्यवस्था की है कि किसानों की उर्वरक संबंधी शिकायतों का 48 घंटे के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। ई-विकास 2.0 और ई-टोकन व्यवस्था के माध्यम से खाद वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक का उठाव करें और अनावश्यक रूप से अधिक मात्रा में खाद का भंडारण न करें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर किसान संबंधित कृषि अधिकारी अथवा उर्वरक केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।
विज्ञापन