मुआवजे और चालक की गिरफ्तारी की मांग पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन : राजेंद्र माइंस के सामने बेकाबू कोयला ट्रक ने बुजुर्ग को रौंदा, मौके पर मौत; ग्रामीणों ने चक्काजाम कर कोयला परिवहन रोका
Rajendra Tantway Wed, Aug 12, 2026
खैरहा (राजेंद्र माइंस)। राजेंद्र माइंस के मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित कोयला लोड ट्रक की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुजुर्ग करीन मकबूल (मो. मकबूल) सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान अनियंत्रित कोयला लोड ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश, चक्काजाम
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने राजेंद्र माइंस के सामने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के चलते क्षेत्र में कोयला परिवहन पूरी तरह प्रभावित रहा।
ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा देने, फरार ट्रक चालक को गिरफ्तार करने तथा क्षेत्र में भारी कोयला वाहनों की गति पर सख्ती से नियंत्रण लगाने की मांग रखी।
पुलिस और कालरी प्रबंधन ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस प्रशासन एवं राजेंद्रा माइंस के कालरी प्रबंधन के अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी मांगों पर चर्चा की।
अधिकारियों द्वारा मांगों पर उचित कार्रवाई एवं पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता के संबंध में आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। इसके बाद मुख्य मार्ग पर यातायात एवं कोयला परिवहन सामान्य हो सका।
हादसे के बाद क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है।
विज्ञापन