आन-बान-शान से लहराया तिरंगा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मार्च पास्ट ने : जिले भर में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, पुलिस परेड मैदान में कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण
Rajendra Tantway Sun, Aug 16, 2026
डिंडौरी : 15 अगस्त 2026। देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस जिले भर में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस परेड मैदान डिंडौरी में आयोजित किया गया। भव्य एवं गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली।

ध्वजारोहण के उपरांत कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे ने परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का लाइव प्रसारण किया गया। कलेक्टर ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे ने तिरंगे के तीन रंगों के गुब्बारे आसमान में मुक्त किए। सशस्त्र बलों ने हर्ष फायर किए और पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान की धुन प्रस्तुत की। परेड कमांडर के नेतृत्व में आकर्षक मार्च पास्ट भी आयोजित किया गया।
मार्च पास्ट में विशेष सशस्त्र बल 36वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल कैम्प डिंडौरी, जिला पुलिस बल पुरुष एवं महिला प्लाटून, जिला होमगार्ड प्लाटून सहित जूनियर एनसीसी बालक-बालिका, उत्कृष्ट विद्यालय डिंडौरी, कस्तूरबा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रेडक्रॉस, स्काउट-गाइड तथा मदर टेरेसा स्कूल के विद्यार्थी शामिल हुए।
स्कूली बच्चों ने दी देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डिंडौरी, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, कन्या शिक्षा परिसर, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय एवं कस्तूरबा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालयों के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले तथा शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कलेक्टर ने अपने संदेश में कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना हम सभी का दायित्व है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारा कर्तव्य है। शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में जनभागीदारी को और मजबूत करने की आवश्यकता है।
समारोह में विधायक ओमकार सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, नरेन्द्र राजपूत, पंकज सिंह तेकाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीरा रूद्रेश परस्ते, डीएफओ अशोक सोलंकी, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेखा सिंह सहित जिले के समस्त एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
विज्ञापन